चोरी किए गए 128 में से 38 कट्टे बरामद, दो गाड़ियां भी पकड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। पांच दिन पहले कोटकपूरा के देवीवाला रोड पर स्थित एक राइस मिल में सेंध लगाकर बासमती चावल के 50-50 किलो वाले 128 कट्टे चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान जीरा निवासी प्रदीप सिंह उर्फ पीपन, दविंदर सिंह उर्फ चाना, सुखचैन सिंह उर्फ पूना, गुरसंगत सिंह उर्फ मंगा, जीरा के गांव शाहवाला निवासी सोनी सिंह उर्फ मलंग, रणजोत सिंह उर्फ जोधा और जीरा के गांव अलीपुर निवासी सुखविंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने इन आरोपियों से चोरी हुए चावल के 128 में से 38 कट्टे बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल एक टाटा एस और एक महिंदरा पिकअप भी बरामद की गई है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी (आई) यादविंदर सिंह बाजवा ने बताया कि घटना वाले दिन 17-18 जनवरी की रात को करीब पौने दो बजे कोटकपूरा फूड प्राइवेट लिमिटेड नामक राइस मिल के गोदाम से चोरी होने का मामला सामने आया था। घटना सामने आने के बाद एसएसपी राजबचन सिंह संधू ने एसपी (आई) सेवा सिंह मल्ली व डीएसपी(आई) यादविंदर सिंह बाजवा की निगरानी में सीआईए स्टाफ फरीदकोट को जांच का काम सौंपा। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरिन्द्र सिंह व एसआई सुरिंदर सिंह की अगुवाई वाली पुलिस पार्टी ने चोरी की उक्त वारदात को सुलझाते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।