दादी-पोते को पीटा, मोबाइल व नकदी लूटी
कपूरथला। सुल्तानपुर लोधी रोड से सब्जी बेच घर लौट रहे दादी-पोते को पीटकर पांच लुटेरे मोबाइल और नकदी छीन ले गए। पारिवारिक सदस्यों ने दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। ड्यूटी डॉ. राजीव पराशर के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। सिविल अस्पताल में भर्ती संतोष कुमार निवासी मोहल्ला प्रीत नगर ने बताया कि वीरवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे सब्जी बेचने के बाद वह अपनी दादी सुषमा देवी के साथ घर लौट रहे थे। इस दौरान जब वे सुल्तानपुर लोधी रोड पर पहुंचे तो पहले से ही पांच युवक लूट की नीयत से बैठे हुए थे। जैसे ही वे उनके पास पहुंचे तो उन्होंने घात लगाकर हमला कर दिया। इसमें वे घायल हो गए। लुटेरों ने उसकी दादी से पोटली छीन ली, जिसमें 6 हजार और मोबाइल फोन था। संतोष कुमार ने बताया कि पांच में से दो लुटेरों की पहचान संदीप और रणजीत के तौर पर हुई है। इस घटना संबंधी थाना सिटी की पुलिस को सूचित कर दिया गया है।