रेलवे स्टेशन से गार्ड की दोनाली चोरी, पास के प्लाट में मिली
जालंधर। वीरवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दोमोरिया पुल के निकट एक दोनाली राइफल व बैग पड़ा मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना तीन के एसएचओ विजय कुमार मौके पर पहुंचे और राइफल व बैग को कब्जे में ले लिया। बैग से मिले पते के अनुसार यह राइफल सिक्योरिटी गार्ड राजविंद्र पुत्र ददार वासी मुकेरियां की निकली। जो कल रेलवे स्टेशन से चोरी हो गई थी। एसएचओ विजय कुमार के मुताबिक, राइफल के मालिक राजविंदर पुत्र दरार सिंह ने थाना जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कल अपनी ड्यूटी खत्म कर घर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर खड़ा था, तभी उसे प्यास लगी तो वह पानी की बोतल के लिए दुकान पर गया। जब वापस आया तो देखा कि उसकी बोतल और बैग गायब था। इसके बाद राजविंदर पास ही स्थित राजकीय रेलवे पुलिस स्टेशन पहुंचा और वहां लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसएचओ विजय कुमार का कहना है कि राजकीय रेलवे पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनाली उनके पास थाने में है।