विवाहिता ने सास-ससुर व पति पर लगाया मारपीट कर घायल करने का आरोप
सिविल अस्पताल कपूरथला में उपचाराधीन घायल महिला
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। थाना फत्तूढींगा के अंतर्गत गांव भवानीपुर में मायके से ससुराल में कपड़े लेने गई विवाहिता पर सास-ससुर व पति ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घटना के समय विवाहिता का पिता भी साथ था। इस हमले में विवाहिता घायल हो गई। जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्यूटी डॉ. सतपाल के अनुसार विवाहिता की की हालत गंभीर है और इलाज जारी है। साथ ही लड़की के पिता को भी मामूली चोटें आई हैं। जिसे उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन लखविंदर कौर पत्नी नरिंदर सिंह निवासी भवानीपुर ने बताया कि 11 जुलाई को उसकी जेठानी व सास ने मामूली बात को लेकर उससे मारपीट की थी। जिसकी शिकायत उसने थाना फत्तूढींगा की पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। उस मारपीट में घायल होने पर वह अस्पताल से उपचार करवाने के बाद अपने पिता शिंगारा सिंह नवां ठट्टा मायके आ गई। पर उसके पास अपने व बच्ची के कपड़े न होने के कारण वह गांव के गणमान्य और पिता को साथ लेकर ससुराल से कपड़े लेने गई थी। अभी वह अलमारी से कपड़े ही निकाल रही थी कि इतने में उसके पति नरिंदर सिंह, सास सुरिंदर कौर व ससुर जागीर सिंह ने उसे वह उसके पिता को गालियां निकालनी शुरू कर दी, जब उसने गालियां निकालने से रोका तो उन्होंने उसके पिता व वह उस पर हमला करके बुरी तरह से घायल कर दिया। जिन्हें गणमान्य ने बीच-बचाव करके दोनों को छुड़वाया। इस घटना संबंध में थाना फत्तूढीगा की पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत पर मामले की जांच के बाद जो भी आरोपी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।