अस्पताल में चेकअप कराने आए विचाराधीन कैदी ने पुलिस कर्मी को जड़ा थप्पड़
परिवार से मिलने न देने और झूठे मामले में फंसाने के आरोप भी लगाए
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। सब जेल पठानकोट से जांच के लिए लाए गए विचाराधीन कैदी ने पुलिस कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। विचाराधीन कैदी ने कहा कि पुलिस उसे पागल समझ मनोरोग विशेषज्ञ के पास चेकअप कराने आई है और परिवार से मिलने नहीं दे रहे। इस बात से नाराज होकर उसने मुलाजिम पर हाथ उठाया। दरअसल, सब जेल से पुलिस कर्मचारियों की टीम विचाराधीन कैदी को सिविल अस्पताल में मनोरोग विशेषज्ञ के पास चेकअप कराने पहुंचे थे। कर्मचारियों ने बताया कि बताया कि ओपीडी के बाहर विचाराधीन कैदी ने मुलाजिम से हथकड़ी अपनी ओर खींची और दूसरी ओर जाने की कोशिश करने लगा। लेकिन पुलिस कर्मी ने हथकड़ी नहीं छोड़ी और विचाराधीन कैदी को पकड़े रखा। इस बात से गुस्साए विचाराधीन कैदी ने गुस्से में आकर पुलिस कर्मी के थप्पड़ जड़ दिया। पुलिसकर्मी को थप्पड़ व हाथापाई को लेकर लोग जुट गए। वहीं सिविल में बनी चौकी में मौजूद पुलिस मुलाजिम भी पहुंचे। हत्या की कोशिश मामले में जेल में बंद विचाराधीन कैदी ने बताया कि उसने मजाक में किसी को सूआ मारा था। उसके बाद उस पर पर्चा दर्ज हो गया। लेकिन जिस व्यक्ति को उसने मजाक में सुआ मारा था, वह बिल्कुल ठीक है और शहर में घूमता है। लेकिन उस पर गलत तौर पर मामला दर्ज कर जेल में बंद करा दिया। उधर, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया ने युवक की कहानी सुनी उसके परिवार वालों से फोन पर बात करवाई और उससे मिलने को कहा।