बहू को जहर पिलाने का किया प्रयास
पीड़िता को सिविल अस्पताल में करवाया दाखिल
पुलिस ने पति समेत चार पर किया मामला दर्ज, फरार
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। थाना सदर के अंतर्गत गांव नौरंगके सियाल में ससुरालियों ने बहू की हत्या करने के लिए जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिलाने का प्रयास किया। पड़ोसियों ने पीड़िता को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। थाना सदर पुलिस ने पीड़िता के बयान पर पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार है।
पुलिस की दिए गए बयान में पीड़िता किरनदीप कौर पुत्री बलविंदर सिंह निवासी गांव नौरंगके सियाल ने बताया उसकी शादी तीन साल पहले विक्रमजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद उसे पता चला कि उसके पति के किसी और महिला के साथ संबंध हैं। उसके कई बार अपने पति को समझाया। बकौल किरणदीप इसके बाद भी वह नहीं माना तो इस बाबत किरनदीप ने अपनी सास रणजीत कौर और ससुर कुलदीप सिंह को बताया। सास और ससुर ने अपने ही बेटे का पक्ष लिया।
किरणदीप कौर का आरोप है कि शुक्रवार को पति और ससुराल पक्ष के तीन लोगों ने उसे जबरदस्ती उसके मुंह में जहरीला पदार्थ डालने का प्रयास किया। तबीयत बिगड़ने लगी तो आसपास के पड़ोसियों ने किरनदीप के परिजनों को सूचित किया और उसे सिविल अस्पताल फिरोजपुर में दाखिल कराया। उधर, एएसआई गुरदेव सिंह का कहना है कि पीड़िता किरनदीप कौर के बयान पर पति विक्रमजीत सिंह, ससुर कुलदीप सिंह, सास रणजीत कौर व गुरलाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।