बच्ची को टॉफी का लालच देकर रेप, वीडियो वायरल
पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ किया मामला दर्ज, फरार
दुकान के ताले तोड़ की छापामारी, दुकान सील गई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुहरसहाय (फिरोजपुर)। खेलमंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी के हलके गुरुहरसहाए के एक गांव के रहने वाले 50 वर्षीय करियाना दुकानदार की ओर से सात वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार करने की एक वीडियो शनिवार देर रात वायरल हो गई। वीडियो देखते ही पुलिस हरकत में आ गई। रात को ही आरोपी दुकानदार की दुकान के ताले तोड़कर छापामारी कर वहां दुराचार के लिए इस्तेमाल किए सामान को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दुकान सील कर दी है। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने रविवार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए छापामारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक दुकानदार ने टॉफी का लालच देकर बच्ची से दुराचार किया है।
पीड़ित बच्ची के मामा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसकी भांजी उसके पास रहने के लिए गांव आई थी। शनिवार रात लगभग 10.45 बजे उसने अपने मोबाइल फोन पर आई एक वीडियो देखी। इसेे देख उसके पांव तले जमीन खिसक गई। उसने वीडियो में देखा कि उनके गांव का करियाना दुकानदार राजेश धवन (बाबा कर्मदीन की समाहध का पूर्व अध्यक्ष है) उर्फ बिट्टू धवन उनकी सात साल की भांजी के साथ दुराचार कर रहा है। जब भांजी से पूछताछ की तो उसने बताया कि दुकानदार ने टॉफी देने का लालच दिया था। इस बात की जानकारी उसने तुरंत थाना गुरुहरसहाए पुलिस को दी। पुलिस ने वीडियो देखते ही शनिवार रात को आरोपी की दुकान के ताले तोड़कर छापामारी की और दुराचार के लिए इस्तेमाल किया सामान दुकान से बरामद किया। पुलिस ने गहन जांच-पड़ताल करने के लिए दुकान सील कर दी है।
एसआई शिमला रानी और एएसआई दर्शन सिंह ने शनिवार रात ही बच्ची को साथ लेकर फिरोजपुर सिविल अस्पताल में पहुंचकर मेडिकल करवाया। डीएसपी जसवीर सिंह ने बताया कि जैसे ही मामला उनके ध्यान में आया पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। बच्ची के मामा के बयान पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वीडियो में सब कुछ साफ नजर आ रहा है। आरोपी दुकानदार की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न जगहों पर छापामारी की जा रही है।
दूसरी तरफ, गुरुहरसहाए और गांव के ग्रामीण इस घटना के बाद से दुकानदार के प्रति गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे आरोपी दुकानदार को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि कोई और व्यक्ति ऐसी हरकत न कर सके। ग्रामीण सुनील कुमार, पवन कुमार व सुरजीत सिंह ने कहा कि उक्त आरोपी दुकानदार को गांव में घुसने नहीं देंगे। ग्रामीण भी दुकानदार की तलाश में जुटे हैं।