गैंगस्टर लारेंस विश्नोई ने मांगे 15 लाख, केस
मोबाइल कारोबारी की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने दी सुरक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
शहर के एक बड़े मोबाइल कारोबारी को गैंगस्टर लारेंस विश्नोई ग्रुप के नाम पर जान से मारने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की मांग की गई। इस धमकी से कारोबारी बेहद सहमा गया और उसने पुलिस कमिश्नर पीके सिन्हा को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और कारोबारी को तब तक सिक्योरिटी दे दी है, जब तक ये केस ट्रेस नहीं हो जाता।
कारोबारी की शिकायत पर पुलिस की टीमें नंबर ट्रेस करने में जुट गई है। काल विदेशों के नंबर से आई है और लारेंस विश्नोई की कुछ रेकार्डिंग भी फिरौती मांगने वाले ने मोबाइल कारोबारी को भेजी हैं। कुछ दिन पहले मोबाइल कारोबारी को उसके व्ट्सएप पर विदेश के नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को राजस्थान के चर्चित गैंगस्टर लारेंस ग्रुप का खास आदमी बताकर कहा कि विश्नोई ने 15 लाख रुपये की मांग की है। उसे जेल से लगातार फोन आ रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर प्रवीण कुमार सिन्हा ने मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया है, जो केस को ट्रेस करेगी। लारेंस विश्नोई जेल में एक कोठरी में बंद है और फोन करना वहां से नामुमकिन है, ऐसी आशंका भी पैदा हो रही है कि लारेंस का नाम लेकर वसूली मांगी जा रही है। मोबाइल कारोबारी ने मामले में कुछ बोलने से इंकार किया और साथ ही कहा कि वह अपना नाम उजागर नहीं करना चाहता है। उसने आशंका व्यक्त की कि विश्नोई के नाम पर कोई अपनी रंजिश उनके साथ निकाल रहा है।