पठानकोट से भागा पम्मा गैंगस्टर कठुआ पुलिस ने किया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। भारत-पाक सीमा जीरो लाइन के कस्बा बमियाल से शुक्रवार को भागे गैंगस्टर बलबीर सिंह उर्फ पम्मा को कठुआ के रामबाग थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पंजाब पुलिस को चकमा देकर भागे पम्मा के लिए कठुआ पुलिस ने पहले से ट्रैप लगाया था, पंजाब की सीमा पार करने के बाद पम्मा को बधोली से गिरफ्तार किया गया। बलवीर सिंह दीनानगर का रहने वाला है और पुलिस से बचने के लिए पिछले एक महीने से बमियाल में छिपकर रह रहा था। पम्मा के अलावा पुलिस ने उसके 2 साथियों परंगोली, डिंगब, हीरानगर निवासी राकेश कुमार उर्फ टोनी और हीरानगर के गांव मंगलूर निवासी विशाल वर्मा को भी गिरफ्तार किया है। पम्मा के पास से पांच कारतूस और एक देसी पिस्तौल बरामद हुई है। पम्मा पर जम्मू के आरएस पुरा और सांबा में हत्या और पंजाब, हिमाचल समेत अन्य राज्यों में लूट के मामले दर्ज हैं। कठुआ पुलिस ने पम्मा को हीरानगर के बधोली से गिरफ्तार किया है। एसएसपी कठुआ श्रीधर पाटिल ने बताया कि पम्मा ने अपने साथियों सहित 8 फरवरी को कठुआ के पटेल नगर स्थित दुकानदार पर गोली दाग लूट की थी, इसके बाद 22-23 मार्च की रात नंगल भूर में पिस्तौल की नोक पर पेट्रोल पंप पर लूट की और 24 मार्च को कठुआ के चढ़वाल में शहीद सरदूल सर्विस स्टेशन के 2 कर्मचारियों को गोली मार कैश लूट लिया था। एसएसपी ने बताया कि पम्मा पर पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के कई थानों में लूटपाट, कत्ल और चोरी के लिए लोगों को मारने के आरोप में मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि पूछताछ में कई मामले ट्रेस हो सकते हैं।
फोटो:-7-कठुआ पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी।