हरसिमरत बादल बनकर अफसरों से निकलवाती थी काम
आठ साल बाद सिटी पुलिस ने अदालत में पेश किया चालान
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत बादल के नाम पर अफसरों को फोन करके काम निकलवाने महिला के खिलाफ थाना सिटी की पुलिस ने आठ साल बाद अदालत में चालान पेश किया है।
‘हेलो! डीसी साब, मैं हरसिमरत बादल बोल रहीं हां। बादल साब दे कम वेखण वाले कुलदीप पासी दा असला लाइसेंस ते ट्रांसपोर्ट दा कम्म, तुहाडे कॉल पेंडिंग है, उसनूं जल्द करवाओ...’ कहकर आठ साल पहले अफसरों को फोन करने वाली महिला हरसिमरत नहीं, बल्कि कपूरथला की वरिंदर कौर थी। उसके खिलाफ आठ साल बाद थाना सिटी की पुलिस ने चीफ ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट कोर्ट में चालान पेश किया है। आरोपी महिला वरिंदर कौर व उसके साथी कुलदीप कुमार के खिलाफ चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट अजीत पाल की अदालत में आरोप पत्र दाखिल हुआ है। अदालत की ओर से दोनों आरोपियों को 27 फरवरी 2019 के लिए पेश होने के आदेश दिए गए हैं। इस केस से संबंधित दोनों आरोपियों को नोटिस जारी किया गया है।
2010 में थाना सिटी कपूरथला की पुलिस की ओर से केस दर्ज करके वरिंदर कौर और कुलदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर आरोप थे कि उन लोगों ने तत्कालीन डीसी कपूरथला के पीए अनिल कुमार को फोन कर कहा गया कि वह हरसिमरत कौर बादल बोल रही हैं और डीसी साहिब उनका फोन नहीं उठा रहे और उनको संदेश दिया जाए कि उसका फोन तुरंत ही अटैड किया जाए। शिकायतकर्ता अनिल कुमार की ओर से नकली हरसिमरत कौर बादल को कहा गया कि शनिवार होने के कारण वह छुट्टी पर हैं और उन्हें डीसी साहिब से बात करने के लिए उनके घर के लैंडलाइन फोन नंबर पर बात कर लेनी चाहिए। वहीं फोन पर किसी कुलदीप पासी नामक व्यक्ति के बारे में भी बात की गई और कहा गया कि वह व्यक्ति बादल साहिब के निजी काम करते हैं और ट्रांसपोर्ट और हथियार के लाइसेंस से संबंधित कार्य भी देख रहे हैं। डीसी साहिब को कह कर उक्त कार्य करवाए जाएं। इस पर शिकायतकर्ता ने फोन पर हुई बातचीत से तत्कालीन डीसी को अवगत करवाया और औरत के नकली हरसिमरत कौर बादल होने की आशंका जाहिर की। शिकायत मिलने पर मामला थाना सिटी कपूरथला को दिया गया और थाना सिटी पुलिस ने मामले की छानबीन कर वरिंदर कौर और कुलदीप कुमार नामक व्यक्तियों को आरोपियों के तौर पर नामजद कर छानबीन शुुरु दी थी। थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर सुखपाल सिंह ने अदालत ने चालान पेश करने की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों की पहले गिरफ्तारी हो चुकी है और बेल पर चल रहे हैं। मामला अब अदालत के पास है।