बाइक सवार लुटेरों ने 40 हजार छीने
मुक्तसर। सेटन क्रेडिट केयर नेटवर्किंग लिमिटेड कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों से बाइक सवार युवकों ने 40 हजार रुपये की नकदी छीन ली और फरार हो गए।
कंपनी में कार्यरत लखविंदर सिंह पुत्र हंसा सिंह निवासी नंगल (मोगा) अपने साथी संदीप सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी माता गुजरी नगर (बरनाला) के साथ शुक्रवार को गांव भागसर हलके के गांवों से उगाही करने गया था। उगाही के करीब 40 हजार रुपये लेकर वह शाम को लौट रहा था। गांव भागसर के सेमनाले के पास काले रंग के स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। उनके मुंह बंधे हुए थे। युवकों ने उन्हें धक्का मारकर नीचे गिरा दिया और उनका रुपयों वाला बैग लेकर फरार हो गए। लखविंदर सिंह के अनुसार मोटरसाइकिल की प्लेट को भी ऊपर से ढका हुआ था। दोनों ने बाद में उनका पीछा भी किया लेकिन वह भाग निकले। उन्होंने कंपनी को बताने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। उधर, थाना लक्खेवाली पुलिस कर्मियों के साथ ही डीएसपी मलोट भूपेंदर सिंह भी मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना करने के बाद जांच शुरू कर दी। थाना लक्खेवाली के सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है और वह मामले की जांच कर रहे हैं।