विदेश भेजने का झांसा देकर दो युवकों से 28 लाख रुपये ठगे
पुलिस ने जालंधर के तीन लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज, फरार
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
थाना ममदोट पुलिस ने दो युवकों को विदेश भेजने का झांसा देकर 28 लाख 50 हजार रुपये ठगने के आरोप में जालंधर के तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
रूपसिंह पुत्र करतार सिंह वासी गांव भंमा हाजी, जिला फिरोजपुर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी आरोपी प्रदीप कुमार पुत्र परशोतम लाल, कृष्णा देवी व पूनम वासी मोहन विहार, रामा मंडी, जिला जालंधर से मुलाकात हुई। आरोपियों ने रूपसिंह के बेटे और उसके साले के बेटे को कामकाज के लिए विदेश भेजने की बात कही। इसके लिए आरोपियों ने रूपसिंह से लगभग 28 लाख 50 हजार रुपये मांगे, जो रूपसिंह ने आरोपियों को दे दिए। कई महीने बाद भी आरोपियों ने उनके बेटों को कामकाज के लिए विदेश नहीं भेजा। रूप सिंह ने आरोपियों से अपनी धनराशि वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने धनराशि लौटाई नहीं। इसीलिए रूप सिंह ने एसएसपी फिरोजपुर को शिकायत दी। एएसआई बलविंदर सिंह ने मामले की जांच-पड़ताल करने के बाद आरोपी प्रदीप, कृष्णा देवी व पूनम के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। सभी आरोपी फरार हैं।