पठानकोट में कोरोना संक्रमितों की संख्या में रोजाना बढ़ रही है। शनिवार को 4 नए संक्रमित सामने आए। जबकि, एक संक्रमित व्यक्ति की अमृतसर के जीएनडीएच में मौत हो गई। 4 नए मामलों के साथ पठानकोट में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 86 पहुंच गया। वहीं, अब तक संक्रमण से 5 लोग जान गवां चुके हैं। सेहत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को संक्रमित पाए 4 मरीजों में एक गर्भवती महिला है। जोकि धारकलां एरिया से है और रणजीत सागर बांध परियोजना के अस्पताल में चेकअप के लिए आई थी। इस दौरान उसका सैंपल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट में महिला संक्रमित पाई गई। वहीं, पठानकोट के मेन बाजार में नगर निगम कार्यालय के पास दुकान पर काम करने वाला व्यक्ति और उसका 9 वर्षीय बेटा भी संक्रमित पाया गया। इसके अलावा ढाकी रोड नेहरू नगर के एक युवक की रिपोर्ट भी शनिवार को पॉजिटिव आई। वहीं, गांव चक्क माधोसिंह के 43 वर्षीय व्यक्ति की अमृतसर में मौत हो गई। मौत के कुछ समय बाद व्यक्ति की रिपोर्ट आई, जिसमें उसके संक्रमित होने का पता चला। शनिवार को सेहत विभाग के कर्मचारियों और परिवार के लोगों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ उसका संस्कार किया। डीसी गुरप्रीत सिंह खैहरा ने बताया कि अब तक संक्रमित 86 लोगों में से कई लोग रिकवर हो चुके हैं। 39 मरीज अभी एक्टिव हैं, जिनमें से 31 मरीजों का इलाज पठानकोट के चिंतपूर्णी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जबकि, अन्य लोग अमृतसर, लुधियाना, चंडीगढ़ और मोहाली में भर्ती हैं।