संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। थाना डिवीजन नंबर 1 में लड़ाई-झगड़े का मामला सुलझा रहे एएसआई की वर्दी फाड़ने और हाथापाई करने वाले युवक पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। एएसआई निर्मलजीत सिंह ने बताया कि 7 अक्तूबर को थाना डिवीजन नंबर 1 में जंदरिया मोहल्ले में हुए झगड़े संबंधी दो पार्टियों को थाने में बुलाया था। थाने में प्रदीप कुमार और बाकी तीनों लोग आए लेकिन दूसरी पार्टी समय पर नहीं आई। इसी बीच प्रदीप कुमार के साथ आई महिला बिना बताए उसकी वीडियो बनाने लगी। एएसआई ने कहा कि जब उसको ऐसा करने से रोका तो उसी समय थाने में झगड़ा शुरू हो गया। एएसआई के मुताबिक प्रदीप कुमार उर्फ काका ने उस पर किसी वस्तु से हमला कर दिया, जिस कारण वह घायल हो गया। इसके बाद उक्त लोगों ने एएसआई की वर्दी को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी को काबू करके कार्रवाई शुरू कर दी है।