थाना सदर में पड़ते गांव हाजी वाला के पास सब्जी की पनीरी लेकर कार से घर लौट रहे किसान से तीन लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर कार, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। किसान अमृतपाल सिंह वासी गांव झोक हरिहर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि अपने चाचा के बेटे जसकरन सिंह के साथ गांव भूरे खुर्द से सब्जी की पनीरी लेकर कार में सवार होकर गांव लौट रहे थे। जैसे ही गांव हाजी वाला के पास नहर के पास पहुंचे कि तीन लुटेरों ने रास्ते में बाइक लगाकर उनकी कार रुकवा ली। उक्त लुटेरों ने उन पर पिस्तौल तान कर पंद्रह हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन व कार छीन कर फरार हो गए। सब-इंस्पेक्टर अमनदीप कौर के मुताबिक अमृतपाल के बयान पर तीन लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।