बीएसएफ के जवानों ने पंजाब पुलिस के साथ अमृतसर के सीमांत गांव धनोए खुर्द से पौने सात घंटे में दो पाकिस्तानी ड्रोन पकड़े हैं। इस संयुक्त अभियान के दौरान धनोए खुर्द से 970 ग्राम हेरोइन, एक लाइटर और एक टार्च भी बरामद की है। बीएसएफ के अधिकारियों ने दोनों मामलों में जांच करने के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए ड्रोन, हेरोइन और अन्य सामान घरिंडा थाने की पुलिस को सौंप दिया है।
बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि बीएसएफ की एक टुकड़ी सोमवार की रात पुलिस की टीम के गांव धनोए खुर्द के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गांव के बाहरी क्षेत्र में एक खेत में ड्रोन होने की सूचना मिली। इसके बाद दोनों टीमों ने मिलकर खेत में सर्च अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान रात करीब 9 बजकर 38 मिनट पर चीन में निर्मित एक डीजेआई-माविक-3 क्लासिक ड्रोन और इसके साथ एक पैकेट बरामद किया गया। इसमें 540 ग्राम हेरोइन थी। साथ ही प्लास्टिक की रस्सी का एक रिंग, एक चमकीला लाइटर मिला।
वहीं, बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया बीएसएफ के जवानों ने पंजाब पुलिस के साथ मंगलवार तड़के धनोए खुर्द के बाहरी क्षेत्र में स्थित खेतों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एक खेत से चीन में निर्मित एक डीजेआई-माविक-3 क्लासिक ड्रोन, पीले रंग की सेलो टेप में लिपटे एक पैकेट में 430 ग्राम हेरोइन बरामद की है। साथ ही एक छोटी टार्च मिली है। इन दोनों ही मामलों में यह कन्साइनमेंट होल्ड एंड रिलीज मैकेनिज्म के साथ ड्रोन के साथ अटैच थी।