संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। गांव राजेवाल में खेलते समय तालाब में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय सुखमण सिंह और उसकी बहन 6 वर्षीय लक्ष्मी कौर के रूप में हुई जो कि अपने ननिहाल आए हुए थे और दूसरे बच्चों के साथ खेल रहे थे।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब के पास खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते समय उनके पाव फिसल गया और दोनों तालाब में गिर गए। जब तक गांववासियों और परिवार के सदस्यों को इस बात की जानकारी मिली,तब तक दोनों डूब चुके थे। गांव वासियों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृतक घोषित कर दिया। इस मामले में परिवार के एक सदस्य ने बताया कि बच्चे तालाब के पास खेल रहे थे कि अचानक दोनों भाई बहन तालाब में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। इस घटना से गांव में शोक की लहर पाई जा रही है।