संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। सड़क पर घूम रहे पशुओं की टक्कर से एक शख्स की जान चली गई, जबकि उसका एक साथी घायल हो गया। घटना शुक्रवार देर रात की है। ढाणी मांडला निवासी चिमन लाल एक अन्य व्यक्ति के साथ ढाणी अपने घर जा रहे थे। जब वह ढाणी नाइयां के निकट पहुंचे तो बाइक की टक्कर एक सांड़ से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के पीछे बैठे सतनाम सिंह (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक चिमन लाल भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सतनाम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं चिमन लाल के सिर पर गहरी चोट होने के कारण उसे फरीदकोट रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया व दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई। आवारा पशुओं से मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी आवारा पशुओं के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।