पठानकोट। मामून मिलिट्री स्टेशन में भारतीय सेना की राइजिंग स्टार कोर द्वारा मरणोपरांत वीरता पुरस्कार जीतने वाले चार नायकों को समर्पित करते हुए साइकिल रैली निकाली गई। इसे गुर्ज डिवीजन के ऑफिसर मेजर जनरल आरए मोघे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि साइकिल रैली में 10-10 सैनिकों की चार टीमें बनाई गई है, जिसमें दो टीमें अमृतसर, एक टीम लुधियाना और एक टीम ऊना जाएगी। टीम वहां पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन करेंगी, जिसमें शहीदों के परिजनों को आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, छह फरवरी को मामून मिलिट्री स्टेशन में गुर्ज डिवीजन कार्यक्रम का आयोजन करेगी। यह कार्यक्रम शहीदों की वीरता को याद करने और उनके परिवारों से जुड़ने के लिए आयोजित किया जाएगा। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार भारतीय सेना के नायक मनिंदर सिंह, नायक बूटा सिंह, नायक कुलदीप सिंह और राइफलमैन अनिल कुमार जसवाल को मरणोपरांत सेना पदक (वीरता पुरस्कार) दिया गया है।