संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर के रायरपुर-रसूलपुर में दशहरे के मौके पर इस बार रावण, कुंभकरण और मेघनाद की जगह औरंगजेब का 40 फीट ऊंचा पुतला दहन करने की तैयारी की गई थी। यह आयोजन सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर रोजर संधू की अगुवाई में हो रहा था लेकिन जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली पुलिन्टीम ने मौके पर पहुंच कर पुतले को तोड़कर मैदान खाली करवा दिया। पुलिस ने रोजर संधू को हिरासत में ले लिया और स्पष्ट किया कि राज्य का माहौल खराब करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। पिछले तीन दिनों से इस पुतले को तैयार करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस जगह पर हर साल दशहरे पर पारंपरिक रूप से रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जलाए जाते थे लेकिन पहली बार औरंगजेब का पुतला दहन करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार इससे माहौल बिगड़ने की आशंका थी इसलिए एहतियातन कार्रवाई की गई। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस से बहस भी की लेकिन हालात पर काबू पा लिया गया।