संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। पंजाब सरकार द्वारा चार लेबर कोड लागू करने के नोटिफिकेशन के विरोध में पंजाब एटक ने स्थानीय लेबर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
इस दौरान एटक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई एटक के प्रदेश सचिव परमजीत ढाबां और पीएसईबी इंप्लाइज फेडरेशन एटक के सर्कल सचिव रोहित बाघला ने की। ढाबां और बाघला ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आने से पहले बड़े वादे किए थे। हालांकि, चार लेबर कोड लागू कर सरकार ने अपना कर्मचारी और मजदूर विरोधी चेहरा उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार इन कानूनों को लागू करने में केंद्र से भी अधिक कठोर है। नेताओं ने लोगों से जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।