आम आदमी पार्टी की यूथ विंग ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल, शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला का पुतला भी फूंककर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी आप नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार शराब माफिया, ट्रांसपोर्ट माफिया, रोड टैक्स माफिया, बिजली माफिया और निजी स्कूल माफिया को बढ़ावा दे रही है। प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने सोशल डिस्टेंस को नजरअंदाज किया। पुलिस प्रशासन ने ज्ञापन लेने के लिए एसीपी को मौके पर भेजा और यूथ विंग सदस्यों को ऑफिस के अंदर नहीं आने दिया। आप नेताओं ने प्रशासन को सौंपे मांग पत्र में कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने चुनाव घोषणापत्र में वादा किया था कि पंजाब में सरकार बनने पर चार सप्ताह में राज्य को नशा मुक्त कर दिया जाएगा, युवाओं को फ्री मोबाइल देने, बेरोजगार युवाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता मिलेगा, फैक्ट्रियों को पांच साल तक पांच रुपये प्रति यूनिट बिजली दी जाएगी, गरीबों को 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी, स्कूली बच्चों को फ्री परिवहन की सुविधा दी जाएगी और लड़कियों को पहली कक्षा से लेकर पीएचडी करने तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। सरकार तो बन गई लेकिन ये वादे पूरे नहीं किए गए। इस मौके पर तरणदीप सिंह सन्नी, प्रधान यूथ विंग, आम आदमी पार्टी दोआबा समेत गुरविंदर सिंह शेरगिल उप प्रधान पंजाब, अमृतपाल सिंह संयुक्त सचिव पंजाब, हरचरण सिंह संधू वरिष्ठ उप प्रधान दोआबा जोन, नरेश शर्मा, दर्शन लाल भगत, राजविंदर कौर समेत अन्य उपस्थित थे।