थाने से तीन सौ मीटर दूर नंगल रोड पर सोमवार की रात करीब नौ बजे दुकान में घुसकर पांच युवकों ने गोली मारकर धरमिंदर सिंह की हत्या कर दी। हत्या का आरोपी धरमिंदर सिंह पैरोल पर जेल से बाहर आया था। थाना गढ़शंकर पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर गुरजिंदर सिंह उर्फ सोनू और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आरोपी सोनू निवासी रोड मजारा ने धरमिंदर सिंह को गोलियां मारने की जिम्मेदारी लेते हुए अपनी फेसबुक आईडी पर पोस्ट डालते हुए लिखा कि जो भी उसके और दुश्मन हैं, उनकी भी बारी आने वाली है।
पूरा मामला पुरानी रंजिश का बताया जाता है। धरमिंदर सिंह फिल्लौर पुलिस थाने में दर्ज हत्या के मामले में पैरोल पर आया था। मृतक के पिता झलमन सिंह निवासी गांव कुनैल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि धरमिंदर सिंह अपने दोस्त के साथ कलसी पेंटर की दुकान में कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। वह धरमिंदर को बुलाने जा रहे थे। इस दौरान अचानक दुकान के बाहर नंगल की ओर से सफेद स्विफ्ट कार आकर रुकी। कार से गुरजिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी रोड मजारा व चार अन्य युवक अपने हाथों में पिस्टल लिए निकले।
सोनू ने धरमिंदर सिंह पर गोलियां की बौछार कर दी और फिर कार में बैठकर गढ़शंकर शहर की ओर फरार हो गए। धरमिंदर सिंह के शरीर में कई जगह गोलियां लगी। उसे सिविल अस्पताल गढ़शंकर में भर्ती करवाया गया। वहां डॉक्टर जसवंत सिंह ने उसके पेट से दो गोलियां निकाल दी और गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया।
धरमिंदर सिंह के परिजन उसे नवांशहर निजी अस्पताल ले गए। वहां पर इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने देर रात धरमिंदर सिंह के पिता के बयान पर गुरजिंदर सिंह उर्फ सोनू और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में धारा 307 व आर्म्स एक्ट 25, 54, 59 के तहत मामला दर्ज कर लिया था। मंगलवार को धरमिंदर सिंह की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा 302 भी जोड़ दी गई है।