संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। नूरवाला रोड के फामड़ा रोड एरिया में शनिवार की देर शाम को उस समय अफरा तफरी मच गई जब मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक गुट ने गोली चला दी। गोली एक व्यक्ति के पेट के पास जा लगी। वह बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को आस-पास के लोगों ने इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान विनोद शर्मा के रुप में हुई है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक करने में जुटी है ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। एडीसीपी सिटी वन समीर वर्मा ने बताया कि विनोद शर्मा की पत्नी का फामड़ा रोड पर ब्यूटी पार्लर है। वह रोजाना शाम को अपनी पत्नी को लेने के लिए आता है। शनिवार की शाम को भी वह पत्नी का पार्लर बंद कराने और उसे लेने के लिए आया था। पास में पड़ोसियों की लड़की खड़ी थी। उक्त लड़की ने आरोप लगाया कि विनोद शर्मा उसे घूर रहा है। इसी बात पर कहासुनी के बार एक गुट ने गोली चला दी।