होशियारपुर। रविवार देर शाम को आए तूफान में एक गोदाम से गिरे शेड के नीचे आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य मजदूर भी घायल हुए, जिनमें से दो की गंभीर हालत के मद्देनजर उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक सोनालिका कारखाने के पास गांव पंडोरी रूक्माण में टीसीआई का गोदाम है। रविवार देरशाम जब तूफान आया तो वहां सात मजदूर शेड के नीचे खड़े थे। इस दौरान जोरदार धमाके से शेड उन पर गिर गया। हादसे में बिहार के रहने वाले एक मजदूर की मौत हो गई जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल होशियारपुर लाया गया जहां उनमें से दो गंभीर थे और उन्हें डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया। मृतक का नाम प्रमोद पुत्र खाको राय निवासी बेगुसराय (बिहार) बताया गया है। घायलों में से चार सिविल अस्पताल होशियारपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की है।