कपूरथला। थाना सिटी पुलिस ने इंग्लैंड भेजने के नाम पर साढ़े 5 लाख रुपये ठगने वाले ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता प्रदीप सिंह निवासी नत्थूचाहल ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसने कपूरथला के माल रोड पर स्थित नन्हा कांप्लैक्स मार्केट में बने ईजी वीजा ट्रैवल स्टूडेंट एंड इमीग्रेशन प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में इंग्लैंड जाने के लिए संपर्क किया। एजेंट इंद्रजीत सिंह निवासी गांव देसल ने उससे साढ़े 5 लाख रुपये में बातचीत फाइनल कर रकम ले ली। उसने पैसा ब्याज पर लेकर एजेंट को दिया था, लेकिन उसने न तो उसे इंग्लैंड भेजा और न ही पैसे वापस किए और उल्टा उसके पासपोर्ट पर यूके एंबेसी की ओर से 10 साल के लिए बैन करने की मोहर लगवाकर उसका भविष्य बर्बाद कर दिया है। पुलिस ने जांच के उपरांत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।