गरीबों का बादाम अमीरों के नाम
4500 रुपये प्रति क्विंटल की मूंगफली पहुंची 8000 रुपये क्विंटल
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
सर्दियों के मौसम की शुरुआत के साथ जहां लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी करने में लगे हैं। वहीं गरीबों के बादाम ‘मूंगफली’ की बिक्री ने भी तेजी पकड़ ली है। रेहड़ियों व फेरीवाले पिछले साल जगह-जगह पर कच्ची मूंगफली को गर्म कर बेचा करते थे। वहीं इस बार मूंगफली का दाम सातवें आसमान पर पहुंच गया है। जिससे यह गरीबों के बादाम अब अमीरों की राह पर पहुंच गई है। जिससे कच्ची मूंगफली को पकाने वालों का काम कुछ हद तक प्रभावित हुए है। क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आकर मूंगफली को पकाकर बेचने का काम करने वालों को बचत कम होने के कारण वह अपनी दुकानें बंद कर चुके हैं, तो कुछ रेहड़ीवाले अभी भी मूंगफली बेच जैसे-तैसे गुजारा कर रहे हैं। कच्ची मूंगफली को पकाने के लिए भट्ठियां लगाकर बैठे राम बिलास व पप्पू बिलास ने कहा कि इस बार लोगों में कच्ची मूंगफली को रेत व नमक में पकाकर खाने का कुछ कम रुझान दिखाई दे रहा है। इसका मुख्य कारण मूंगफली, लकड़ी व नमक के मूल्य में वृद्धि है। उन्होंने बताया कि चाहे पिछले साल सर्दियों के सीजन में कच्ची मूंगफली का मूल्य 4500 से 5500 रुपये प्रति क्विंटल व पकी मूंगफली का मूल्य 6 हजार रुपये से लेकर 7 हजार रुपये तक था। वहीं इस बार कच्ची मूंगफली का मूल्य 7100 से लेकर 8 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक हो गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल लकड़ी का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल था, लेकिन इस बार दोगुने दाम 800 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। जिस कारण दुकानदार मूंगफली को पकाकर 100 से 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमीर लोग जहां सर्दियां शुरू होने पर ठंड से राहत लेने के लिए बादाम, काजू व पिस्ता आदि का इस्तेमाल करते हैं। वहीं गरीब लोग पकी हुई मूंगफली बादाम के तौर पर खाते हैं। जबकि इस बार मूंगफली का मूल्य भी 100 रुपये प्रति किलो होने के कारण लोग इससे कन्नी कतरा रहे हैं। दुकानदार प्रकाश मेहतो ने बताया कि बाजार में इस समय बादाम की गिरी 700 से 800 रुपये प्रति किलो बिक रही है। उन्होंने बताया कि चाहे पैकेट बंद मूंगफली, भुनी हुई मूंगफली से सस्ती है, लेकिन भूनी मूंगफली के शौकीन ग्राहक भट्ठी से मूंगफली गर्म करवाकर ही खाने को पहल दे रहे हैं। डा. बीएस बैंस के अनुसार मूंगफली सर्दियों में लगने वाली अधिकतर बीमारियों की रोकथाम में सहायक होती है। मूंगफली शरीर में बढ़ी कफ की मात्रा को भी काबू करती है। वहीं इससे पाचन शक्ति भी बढ़ती है और दिमाग भी तेज होता है। लेकिन अधिकतर मूंगफली के प्रयोग से चमड़ी खुश्क हो जाती है।