कठुआ मामले में सांझी राम के गवाहों से जिरह जारी
पठानकोट। कठुआ दुष्कर्म तथा हत्याकांड मामले में शुक्रवार को कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान सातों आरोपियों को कहा कि अगर वह अपने बचाव पक्ष में गवाह पेश करना चाहते हैं तो जल्द से जल्द करें। कोर्ट की ओर से उन्हें पूरा समय दिया जाएगा। इसके साथ ही दोपहर के समय शुरू हुई मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से मामले के आरोपी सांझी राम के बचाव पक्ष में पिछले 3 दिन से पेश की जा रही महिला से अभियोजन पक्ष के वकीलों ने जिरह की। जिरह से पहले महिला के बयान रिकॉर्ड किए गए और करीब एक घंटे तक अभियोजन पक्ष के वकीलों ने महिला से सवाल किए। सुनवाई के बाद गवाह के रूप में पेश की गई महिला को कठुआ भेज दिया गया, जबकि सातों आरोपियों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच गुरदासपुर जेल ले जाया गया। अगली सुनवाई अब सोमवार दोपहर 1 बजे होगी।