देहाती मजदूर सभा का तीन दिवसीय धरना शुरू
मुक्तसर। मांगों की प्राप्ति करवाने के उद्देश्य से देहाती मजदूर सभा के नेतृत्व में मजदूरों ने सोमवार को एडीसी (विकास) के दफ्तर समक्ष तीन दिवसीय धरना शुरू कर दिया है। इस दौरान मजदूरों ने राज्य सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए जा रहे। जिस कारण मजदूरों में रोष पाया जा रहा है। जत्थेबंदी के प्रांतीय महासचिव गुरनाम सिंह दाउद, संयुक्त सचिव जगजीत सिंह जस्सेआणा, जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह मदरसा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार आरएसएस के निर्देशों पर काम कर रही है। जोकि अल्पसंख्यक लोगों पर जुल्म कर रही है। जिसे वह किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। उन्होंने एससीएसटी एक्ट को खुर्द-बुर्द करने की निंदा करते हुए जाति व्यवस्था के खिलाफ जोरदार आंदोलन शुरू करने की बात कही। मजदूरों ने कहा कि यदि उन्हें प्लाट के कब्जे नहीं मिले तो वह फिर से खुद ही कब्जा कर लेंगे। इस मौके पर जसविंदर सिंह, कर्म सिंह, रणजीत सिंह, सुखमंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, परमजीत कौर, निर्मल सिंह, जसपाल सिंह, हरमीत सिंह, दलीप कौर मौजूद थे।