पीएपी जालंधर के आदित्य गुप्ता रहे उपविजेता
18वीं पंजाब स्टेट गोल्फ चैंपियनशिप का समापन
कपूरथला। आरसीएफ गोल्फ क्लब में दो दिवसीय 18वीं पंजाब स्टेट गोल्फ चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हो गई। इस समाप्ति समारोह के दौरान विधायक राणा गुरजीत सिंह मुख्य मेहमान के तौर पर शामिल हुए, जिन्होंने चैंपियनशिप में विजेता रहे खिलाड़ियों को पुरस्कार बांट कर सम्मानित किया। रेल कोच फैक्टरी के जनरल मैनेजर सत्य प्रकाश त्रिवेदी विशेष मेहमान के रूप में उपस्थित हुए। विधायक राणा ने कहा कि पंजाब गोल्फ एसोसिएशन की ओर से आरसीएफ में करवाई इस चैंपियनशिप के साथ कपूरथला का नाम ओर ऊपर हो गया है। इसके साथ उभरते गोल्फ खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। पंजाब गोल्फ एसोसिएशन के प्रधान सेवामुक्त डीजीपी एसके शर्मा ने मुख्य मेहमानों व अन्य सदस्यों का स्वागत करते हुए एसोसिएशन की ओर से गोल्फ को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए कार्यों और उपलब्धियों से अवगत करवाया। एसोसिशन के उपप्रधान एसएसपी संदीप शर्मा ने समूह उपस्थित शख्सियतों का आभार व्यक्त किया। इस चैंपियनशिप में पंजाब और चंडीगढ़ के अलग-अलग गोल्फ क्लबों के 82 गोल्फ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 26 गोल्फ खिलाड़ी फाइनल में पहुंचे। आरसीएफ के जगमोहन सिंह ने सभी खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए चैंपियनशिप ट्राफी पर अपना कब्जा किया। पीएपी जालंधर के आदित्य गुप्ता पहले उप विजेता और आर्मी गोल्फ क्लब के शौर्या शर्मा दूसरे उप विजेता रहे। इसी प्रकार नेट में पीएपी फिल्लौर के कुलविंदर सिंह विजेता रहे, जबकि पीएपी फिल्लौर के ही विक्रमजीत सिंह ग्रेवाल पहले उप-विजेता और चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के संजू दूसरे उप-विजेता रहे। सबसे लंबी ड्राइव का खिताब चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के अंकुर यादव ने 270 गज की दूरी तय करके जीते, जबकि सबसे नजदीकी पिन का ईनाम आरसीएफ के एनके भारती ने 10वीं होल से 4 फुट 3 इंच की दूरी के साथ जीते। इस अवसर पर डीएसपी सुल्तानपुर लोधी वरियाम सिंह, विशाल सोनी, नरिंदर मनसू व अन्य सदस्य उपस्थित थे।