सभी केंद्र
किसानों के कर्ज माफी के नाम पर कांग्रेस कर रही खाना-पूर्ति: बादल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कर्ज माफी के मुद्दे पर साधा निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
लंबी (मुक्तसर)।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कैप्टन सरकार किसानों के कर्ज माफी के नाम पर महज खाना-पूर्ति कर रही है। सरकार किसानों के साथ किए वादे पर पूरा न उतर सकी है। बादल ने ये बात सोमवार को लंबी हलके के गांवों के दौरे के दौरान कही। वह पिछले दिनों हलके के गांव मनियांवाला व अरनीवाला में लोगों की हुई मौतों पर पारिवारिक सदस्यों के साथ हमदर्दी जाहिर कर रहे थे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह किसानों के कर्ज माफी के नाम पर दिखावा कर रहे हैं। कैप्टन सरकार ने तो शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार के समय से चल रही विकास योजनाओं पर भी ब्रेक लगा दिए हैं। गठबंधन सरकार के कार्यकाल में चाहे किसान हो या मजदूर सभी को फसल का उचित मुआवजा दिया जाता था। मगर कैप्टन सरकार के कार्यकाल में किसान, मजदूर परेशान हैं। पूर्व सीएम ने विदेशी गुरुद्वारों में भारतीय अफसरों के जाने पर पाबंदी लगाने संबंधी टिप्पणी करते हुए कहा कि गुरुद्वारे तथा मंदिर सभी धर्मों के सांझे होते हैं। यहां आने-जाने पर किसी को मनाही नहीं होनी चाहिए। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ की ओर से घर के पास पार्क की जगह पर कब्जा किए जाने दोषों संबंधी पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर बादल ने चुप्पी साधते हुए कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। इस मौके ओएसडी बलकरन सिंह, अवतार सिंह वनवाला, रमेश खुड्डियां, रणजोध सिंह लंबी समेत अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।