मिड-डे मील और वन कर्मियों ने फूंकी सरकार की अर्थी
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर। डेमोक्रेटिक मुलाजिम फेडरेशन पंजाब से संबंधित कच्चे और ठेका आधारित मुलाजिमों में राज्य सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। रविवार को राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मिड-डे-मील वर्कर और वन कर्मियों ने कोटकपूरा चौक पर राज्य सरकार की अर्थी फूंकी। प्रदर्शनकारी मुलाजिम पवन कुमार, मिड-डे-मील नेता जसप्रीत कौर, वन कर्मचारी यूनियन के जिला अध्यक्ष जगसीर सिंह सीरा ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से बैठक के लिए समय देने के बाद भी वर्करों के साथ बैठक न करना साबित करता है कि सरकार मुलाजिम मांगों के प्रति गंभीर नहीं है। वन कर्मी, मिड-डे-मील कुक, दर्जा चार व पार्ट टाइम सफाई सेवक, आशा वर्कर व फैसिलीटेटर समेत अन्य मुलाजिमों की मांगें भी लंबित चल रही हैं। कच्चे मुलाजिमों की मांगों को सरकार पूरा नहीं कर रही। उन्होंने सभी सरकारी संस्थानों व बोर्ड कारपोरेशन में कार्यरत कर्मचारियों को हर तरह से मान भत्ता देने की मांग भी दोहराई। वहीं पार्ट टाइम सफाई सेवकों को प्रति महीना 8,077 रुपये मासिक भत्ता देने की बात पर जोर दिया। प्रदर्शन में वीरपाल कौर, राजविंदर कौर, मंजू, दलजीत कौर, करमजीत कौर, अमनदीप कौर, सुखपाल कौर, सीमा, गुरमेल सिंह और हरपाल सिंह मौजूद थे।