बस ऑपरेटरों ने लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
अड्डा फीस बढ़ाए जाने के विरोध में मिनी बस ऑपरेटर सहित मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन के तमाम बस ऑपरेटरों ने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। गुस्साए बस आपरेटरों का आरोप है कि अड्डा फीस बढ़ाने से पहले कोई जानकारी नहीं दी गई। न ही बस ऑपरेटर यूनियन की राय ली गई। नियमों का उल्लंघन करते हुए डीसी जालंधर के आदेश के बाद अड्डा फीस में बढ़ोतरी की गई है। यूनियन के प्रधान जरनैल सिंह ने बताया कि यूनियन की तरफ से डीसी जालंधर को बढ़ाए हुए रेट वापस लेने के लिए मांग पत्र दिया जाएगा। फिर भी मांगें नहीं मानी गईं तो चक्का जाम किया जाएगा। बस ऑपरेटर ने कहा कि पहले मिनी बस की फीस 30 रुपये थी इसे 40 रुपये, बड़ी बसों से पहले 50 रुपये लिए जाते थे जिसे बढ़ाकर 80 कर दिया गया है। पहले दिन में एक बार ही बस की एंट्री फीस लगती थी अब जितनी बार बस दाखिल होगी उसे अड्डा फीस देनी होगी। उन्होंने कहा कि इस फीस को वापस लेना चाहिए।