लावारिस पशु से टकराकर बाइक सवार की मौत
कोटकपूरा (फरीदकोट)। फरीदकोट रोड पर गांव संधवां के पास वीरवार देर शाम लावारिस पशु से टक्कर के चलते बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहल्ला गुरू तेग बहादुर नगर निवासी जगसीर सिंह उर्फ सुखदेव सिंह सेबू (27) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि वह अपने भाई के लिए फरीदकोट से दवा लेकर कोटकपूरा लौट रहा था। गांव संधवां में पंजाब एंड सिंध बैंक के पास अचानक लावारिस पशु आगे आ गया। इससे वह सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें लगी। एएसआई सुखविंदर सिंह लवली ने बताया कि राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उसे सिविल अस्पताल दाखिल कराया, वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के ब्यान पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया गया।