वाहन की टक्कर में बुजुर्ग की मौत, भाई घायल
कोटकपूरा(फरीदकोट)। कोटकपूरा जैतो बाइपास पर किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार शहीद भगत सिंह कॉलेज रोड़ के पास रहने वाले दो सगे भाई गुरमेल सिंह गेला(69) व गुरदेव सिंह निक्का(64), रविवार शाम गांव समाघ में एक धार्मिक समागम में भाग लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब सवा चार बजे जैसे ही वह बाईपास पर गुरु तेग बहादुर नगर के पुल के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके चलते दोनों को गंभीर चोटें लगी और गुरमेल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे भाई गुरदेव सिंह को सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से उसे फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर थाना सिटी के एएसआई गुरजंट सिंह की अगुवाई वाली पुलिस पार्टी मौके पर पहुंचे और जांच का काम शुरू किया। एएसआई गुरजंट सिंह ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।