पठानकोट। जिले के थानों में लंबित शिकायतों के निपटारे हेतु पुलिस ने जिले में 4 कैंप लगाकर लंबित मामलों की सुनवाई की। इस दौरान 50 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया और 10 दंपतियों के घर बसाए गए। एसएसपी पठानकोट सुरेंद्र लांबा ने बताया कि इस दौरान स्पेशल कैंप डीपीओ, सब डिवीजन सिटी, सब डिवीजन देहाती और सब डिवीजन धारकलां में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लगाए गए, जिसमें दोनों पक्षों को मौके पर बुलाकर गणमान्यों की हाजिरी में कुल 50 शिकायतों का निपटारा किया गया और पति-पत्नी के बीच में चल रहे झगड़ों को रजामंदी के साथ निपटाते हुए 10 दंपतियों का राजीनामा करवाया। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि इन कैंपों का मुख्य मकसद लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा करके पब्लिक को मौके पर ही इंसाफ देना है। ऐसे कैंपों से लोगों में बहुत उत्साह है। उन्होंने बताया कि इन कैंपों से जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।