आरोपियों में शामिल दोनों महिलाएं भी काबू
संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदकोट
थाना सादिक के गांव ढिलवां खुर्द में नशे की रोकथाम के लिए गठित नशा विरोधी कमेटी सदस्य की नशा तस्करों द्वारा गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को नामजद किया है जिनमें से मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों समेत सामाजिक संगठन भी एक जुट हो रहे हैं और शनिवार को इन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ के लिए सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने, परिवार को 10 लाख का मुआवजा देने व एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर सादिक के मुख्य चौक में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। संगठनों का ऐलान है कि जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता, वह ना तो मृतक का पोस्टमार्टम करवाएंगें और ना ही उसका अंतिम संस्कार करेगें।
इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई बुध सिंह की शिकायत पर अमनदीप सिंह, उसकी माता कुलविंदर कौर, अवतार सिंह तारा, उसकी पत्नी रमनदीप कौर व बेटे गुरशरण सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई करके अमनदीप सिंह के अलावा दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी हरजीत सिंह ने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार चल रहे नामजद दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर अकाली नेता परमबंस सिंह बंटी रोमाना व नौजवान नेता लक्खा सिधाना भी गांव ढिलवां खुर्द पहुंचे और घटना की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग रखी। उधर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों व ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को इंसाफ के लिए सादिक में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।