स्वाइन फ्लू से जिले में तीसरी मौत,
पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 100 के पार पहुंचा
सिविल अस्पताल प्रबंधन ने गठित की रेपिड एक्शन फोर्स
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। जिला पठानकोट में स्वाईन फ्लू से पीड़ित मोहल्ला खानपुर निवासी 45 वर्षीय महिला मौत हो गई। विभागीय आंकड़ों अनुसार पठानकोट में यह तीसरी मौत है। मृतक मंजू देवी पिछले 7-8 दिन से खांसी-जुकाम से पीड़ित थी, परिवार ने पहले उसे सुजानपुर के एक डॉक्टर से दवाई दिलाई, हालत नहीं सुधरी तो लोकल प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवाया, लेकिन लगातार बिगड़ती हालत के बाद उसे कैपिटल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया, लेकिन वहां महिला की मौत हो गई। जिला एपीडेमॉलोजिस्ट डॉ. सुनीता शर्मा ने बताया कि मृतक महिला के शव को अस्पताल से ढककर सीधे श्मशानघाट ले जाया गया। जहां मेडिकल टीम की मौजूदगी में संस्कार कराया गया है। इसके अलावा सेहत विभाग की टीम ने महिला के परिवार का चेकअप कर उनका उपचार भी शुरू कर दिया है। वहीं बुधवार की रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू-बी पॉजिटिव आए 24 मरीजों के साथ पठानकोट में इस रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या 100 का आंकड़ा पार कर गई, यह पिछले 4 साल में सबसे बड़ा आंकड़ा है। मरीजों को स्वाईन फ्लू की पुष्टि होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने उपचार शुरू कर दिया है। वहीं स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए रेपिड एक्शन फोर्स टीम का गठन किया है।डॉ. सुनीता शर्मा ने बताया कि जिन 23 बी कैटेगरी स्वाइन फ्लू मरीजों की पुष्टि हुई है, इनमें अधिकतर जिले के हैं, जबकि कुछ बाहरी जिलों के हैं। इन सभी मरीजों का उपचार स्थानीय निजी अस्पतालों में चल रहा था। जिसकी सूचना सिविल अस्पताल प्रबंधन को मिली है। उसी आधार पर सिविल अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता दिखाते हुए मरीजों का उपचार शुरू करवाया है। उन्होंने बताया उक्त सभी मरीज खतरे से बाहर हैं।