सफाई मजदूर फेडरेशन यूनियन ने जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। अध्यापकों की तरफ से अपनी मांगो के संबंध में किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान उनपर हुए लाठीचार्ज का पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन ने विरोध जताया है। फेडरेशन के प्रधान चंदन ग्रेवाल की अध्यक्षता में इस संबंधी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चंदन ग्रेवाल ने कहा कि कैप्टन सरकार की ओर से मुलाजिमों पर किया गया लाठीचार्ज सरकार की हठधर्मिता दिखाता है। इसके विरोध में फेडरेशन ने कैप्टन सरकार का पुतला भी फूंका। चंदन ग्रेवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का मुलाजिमों के प्रति व्यवहार शुरू से ही अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन व नगर निगम जालंधर की समूह यूनियन कैप्टन सरकार की गुंडागर्दी का विरोध करती है। चंदन ग्रेवाल ने कहा कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी न की गईं तो समूह यूनियनें 20 फरवरी को हड़ताल करेंगी। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।