कब्जों से परेशान लोगों ने सौंपा निकाय मंत्री को ज्ञापन
जालंधर। ट्रस्ट की 94.7 एकड़ विकास स्कीम की 120 फुट रोड पर हो रहे अवैध कब्जों से परेशान ट्रस्ट की कालोनियों के निवासियों ने स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को ज्ञापन दिया। जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट द्वारा विकसित सूर्या एन्कलेव, गुरु गोबिंद सिंह ऐवन्यु, महाराजा रणजीत सिंह ऐवन्यू के अलावा सूर्या एन्क्लेव एक्सटेंशन, ठाकुर सिंह कालोनी, बशीरपुरा, संतोषी नगर के नागरिकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विभाग ने इस ओर ध्यान न दिया तो मजबूर होकर उन्हें धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा। इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट दफ्तर छापेमारी करने पहुंचे नवजोत सिंह सिद्धू से इलाका निवासियों ने कहा कि इन कब्जों के बारे में इलाका विधायक, ट्रस्ट के चेयरमैन लैंड एकोजेशन कलेक्टर व ट्रस्ट के ईओ को कई बार शिकायत की गई है, लेकिन किसी ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू ने इलाका वासियों को आश्वासन दिया कि वह शीघ्र यह कब्जे हटवाएंगे।