मुक्तसर में हर्षोल्लास से मनाया महाशिवरात्रि पर्व
मुक्तसर। महाशिवरात्रि उत्सव के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न मंदिर और शिवालय दिनभर शिव भोले के जयकारों से गूंजते रहे। शहर के विभिन्न मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालु सुबह करीब 4 बजे ही शिव पूजा के लिए मंदिरों में उमड़ने लगे। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद, मिठाई, फल, भांग, धतूरा, बेल पत्र और गंगाजल चढ़ाकर पूजन किया। वहीं जलाभिषेक भी कराया। श्रद्धालुओं ने दिनभर महाशिवरात्रि का व्रत भी रखा। इसके बाद उन्होंने मंदिरों में जाकर शिव चालीसा पाठ भी किए। शहर के श्रीराम भवन, श्री श्याम मंदिर, श्री रघुनाथ मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, महादेव मंदिर, शक्ति मंदिर श्री मनन धाम, बाबा कांशी प्रसाद शिव मंदिर, गीता भवन दुर्गा मंदिर, श्री नर्मदेश्वर शिव मंदिर और प्राचीन शनि मंदिर में दिन भर शिव पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।