मुलाजिमों ने बजट की कॉपियां जलाकर किया रोष प्रर्दशन
जालंधर। अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से संर्घष कर रही पंजाब एंड यूटी मुलाजिम संघर्ष कमेटी ने बुधवार को डीसी दफतर के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने बजट की कॉपियां जलाकर अपना रोष जाहिर करते हुए जमकर नारेबाजी की। सैकड़ों की तादाद में इकट्ठा हुए इन मुलाजिमों ने सरकार पर धक्केशाही का आरोप लगाया। कमेटी के सदस्य आशीष जुलाहा ने कहा कि पंजाब सरकार ने बजट में कच्चे मुलाजिमों को पक्के करने, तनख्वाह कमीशन की रिपोर्ट जारी करने व डीए की किस्तों के बकाए संबंधी कोई भी कदम नहीं उठाया है। इसके रोष स्वरूप आज जिले की कमेटी के कच्चे मुलाजिमों ने अपना विरोध जाहिर करते हुए बजट की कॉपियों को जलाया है। उन्होंने मांग की है कि कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने के लिए एक्ट 2016 में बिना कोई बदल किए उसे लागू किया जाए। पहले मुलाजिमों को ड्यूटी पर वापस लिया जाए। कच्चे मुलाजिमों की जो भी मांगे हैं, उन्हें तुरंत पूरा किया जाए। अगर सरकार ने उनकी मांगे न मानी तो संघर्ष तेज कर दिया जाएगा। इस रोष प्रदर्शन में हरिंदर सिंह चीमा, सोहन लाल, कुलविंदर सिंह, स्वर्ण सिंह व अन्य कमेटी सदस्य शामिल थे।