सर्किल दफ्तर तब्दील करने के विरोध में भूख हड़ताल
मुक्तसर। जल सप्लाई एवं सैनिटेशन मुक्तसर के दफ्तर को फरीदकोट में शिफ्ट करने के विरोध में जल सप्लाई एवं सैनिटेशन विभाग के ठेका आधारित कर्मियों ने संघर्ष शुरू कर दिया है। कर्मियों ने मंगलवार को संघर्ष कमेटी गठित कर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नाम एडीसी राजपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने कहा कि इस कार्यालय में काम करने वाले ठेका कर्मचारियों की नौकरियां और जिले के आम लोगों के हितों को बचाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। जत्थेबंदी ने निर्णय लिया कि यदि हलका कार्यालय को तोड़ने का फैसला वापस न लिया गया तो जत्थेबंदी की ओर से सहयोगी जत्थेबंदियों के सहयोग से 26 मार्च सुबह 11 बजे सर्किल कार्यालय में रोष धरना देने बाद शहर में रोष मार्च किया जाएगा। इसके बाद कार्यालय में पांच कर्मचारियों की ओर से भूख हड़ताल की जाएगी। इस दौरान पीडब्ल्यूडी टेक्नीशियन और दर्जा चार गवर्नमेंट इंप्लाइज यूनियन पंजाब ब्रांच मुक्तसर के महासचिव जसवीर सिंह तक्खी, टेक्नीशियन एंड मेकेनिकल इंप्लाइज यूनियन ब्रांच के अध्यक्ष जसविंदर सिंह फत्तनवाला, पंजाब स्टेट कर्मचारी दल के अध्यक्ष चिंत राम नाहर, महासचिव जय चंद भंडारी, रूकम दास, कमलदास, गुरदेव सिंह, जगमीत सिंह, संदीप कुमार ढोसीवाल और बख्शीश सिंह भी मौजूद थे।