नाटकीय ढंग से गांव बुंगल के सरपंच ने साबित किया बहुमत
पूर्व सरपंच के कहने पर 9 में से 7 पंचों ने लाल सिंह के खिलाफ दिया था एफिडेविट
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। गांव बुंगल में पंचायत का मसला बुधवार को हल हो गया। मौजूदा सरपंच लाल सिंह ने 9 में से 7 पंचों के साथ बीडीपीओ के सामने बहुमत साबित कर सरपंची बचा ली। पंचायत इलेक्शन के बाद से पूर्व सरपंच और लाल सिंह में गतिरोध के कारण पंचायत काम नहीं कर पा रही थी। सरपंच लाल सिंह अपने पक्ष के 7 वार्ड पंचोंको लेकर बीडीपीओ कार्यालय धारकलां में जाकर अपना बहुमत सिद्ध किया। सरपंच लाल सिंह ने कहा कि उनके ग्राम पंचायत के 9 सदस्यों में से 7 वार्ड पंच जिनमें शारदा देवी, सुभाष चन्द्र, जंगी लाल, कर्ण सिंह, प्रिया देवी, राकेश कुमार, सोनू शर्मा उनके पक्ष में हैं। लाल सिंह ने बताया कि पूर्व सरपंच जसबीर सिंह ने पंचायत के कुछ पंचों को बहला फुसलाकर धोखे से एफिडेविट पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। जबकि पहले भी 7 पंचायत सदस्य उनके पक्ष में थे। उन्होंने कहा कि बीडीपीओ धारकलां ने उनको बहुमत सिद्ध करने को कहा था जो आज उन्होंने कर दिया। वहीं पंच शारदा देवी, पंच सुभाष चंद्र और पंच जंगी लाल ने कहा कि हमसे पूर्व सरपंच जसबीर सिंह ने धोखे से एफिडेविट पर हस्ताक्षर कराए थे उन एफिडेविट को रद्द समझा जाए। वहीं इस संबंधी पूर्व सरपंच जसबीर सिंह ने कहा पंचों द्वारा मुझ पर लगाए गए इल्जाम झूठे हैं। सरपंच लाल सिंह पंचों को पैसे का लालच देकर अपने साथ ले गए हैं, फिर भी वह पंच उनके साथ हैं। वहीं इस संबंध में पंचायत सचिव मनोज कुमार ने बताया कि कार्यालय की ओर से सरपंच लाल सिंह को अपना बहुमत सिद्ध करने को कहा था जो उन्होंने अपने 7 सदस्यों को लेकर सिद्ध कर दिया है। जिसकी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी है।