‘खैरा मामले में आप प्रमुख की चुप्पी शर्मनाक’
शिअद ने फूंका सुखपाल खैरा का पुतला, मांगा इस्तीफा
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
शिरोमणि अकाली दल द्वारा शनिवार को विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के विधायक व विधान सभा में विपक्षी दल के नेता सुखपाल सिंह खैहरा के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए कोटकपूरा चौंक में उनका पुतला फूंका गया। इससे पहले भाई महा सिंह दीवान हाल में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की इस मुद्दे पर चुप्पी को लेकर कटाक्ष करते हुए पार्टी की सख्त शब्दों में आलोचना की। फाजिल्का की अदालत द्वारा नशा तस्कर की मदद के मामले में आप नेता सुखपाल सिंह खैहरा के खिलाफ दिए गए फैसले के बाद से अकाली दल द्वारा उनके खिलाफ प्रदर्शनों का सिलसिला शुरू किया हुआ है। शनिवार को मुक्तसर में रोष प्रदर्शन से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधन में रोजी बरकंदी ने कहा कि कोर्ट द्वारा उक्त फैसले के खिलाफ खैरा की पिटीशन रद्द करने के बावजूद न जाने क्यों पार्टी प्रमुख व अन्य नेता चुप्प है। आम आदमी पार्टी को अपना स्टैंड स्पष्ट करके खैरा को विरोधी दल के नेता के पद से तुरंत फारग कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता अरविंद केजरीवाल अकाली दल को नशे बेचने में लिप्त बताकर बेवजह बदनाम करते रहे है। जबकि अब उनकी खुद की पार्टी का प्रमुख नेता खैरा नशे तस्कर की मदद का आरोपी पाया गया है तो उनकी चुप्पी शर्मनाक है। पिछले पांच साल में खैरा की जायदाद 2 करोड़ से बढ़कर 52 करोड़ रुपये हो गई है। ये इतनी जल्द जायदाद में बढ़ोतरी होने की भी जांच होनी चाहिए। इस मौके पर बिंदर गोनियाना, मलोट के पूर्व विधायक हरप्रीत सिंह कोटभाई, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन मनजिंदर सिंह बिट्टू, बसंत सिंह कंग, प्रीत इंद्र सिंह सम्मेवाली, नवतेज सिंह काऊंणी, जगवंत सिंह लंबी, मनी ढिल्लों, रोबिन बराड़, बाबा दलीप सिंह, गुरदीप सिंह मड़मल्लू, नगर काउंसिल के अध्यक्ष हरपाल सिंह बेदी, गुरजीत निप्पी, राम सिंह, जगतार सिंह बराड़, गुरबिंदर सिंह सरपंच, हैरी आदि शिअद के समस्त वर्कर उपस्थित थे।
(जगदीश जोशी, मुक्तसर)