सूबे में चौथा स्थान हासिल करने वाली आईएएस बनना चाहती है
होशियारपुर। महिमा पुत्री रमाकांत जिसने 444/450 अंक लेकर पंजाब में चौथा व जिले में पहला स्थान प्राप्त कर स्कूल गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल दसूहा और इलाके का नाम रोशन किया है। महिमा ने बताया कि उसके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उसके माता पिता का सहयोग और स्कूल मैनेजमेंट का विशेष सहयोग रहा है। उसने कहा कि नौवीं स्कूल की पंजाब स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने एथलेटिक के 4 गुणा 100 मीटर में भी दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इसके लिए उनके कोच बलबीर सिंह का उन्हें विशेष सहयोग मिलता रहा है। महिमा के पिता नंगल इशर स्कूल में अध्यापक हैं, जबकि माता हाउस वाइफ हैं। दो भाई दूसरी, तीसरी कक्षा में पढ़ते हैं। महिमा ने कहा कि वह बड़े होकर आईएएस बनना चाहती हैं। इसके अलावा स्कूल के ही करण जोशी पुत्र वरिंदर कुमार ने पंजाब 10+2 नॉन मेडिकल में 13वां स्थान हासिल किया। उल्लेखनीय है कि करण के माता पिता दिहाड़ीदार हैं। परमिंदर सिंह पुत्र कुलदीप सिंह ने 10+2 मेडिकल में 15वां स्थान प्राप्त किया है। प्रिंसिपल डॉ. सुरजीत कौर बाजवा ने इन विद्यार्थियों की शानदार सफलता के लिए स्कूल की समूह मैनेजमेंट कमेटी सदस्यों तथा स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई कर ही सफलता हासिल की जा सकती है।