सेहत विभाग ने मकसूदां मंडी में दी दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। तंदुरुस्त पंजाब मुहिम के तहत जिला सेहत विभाग व निगम की हेल्थ टीम ने मकसूदां मंडी में दबिश दी। इस दौरान टीम ने फलों के सैंपल भरे और खराब फलों को नष्ट किया। डिस्ट्रिक्ट हेल्थ ऑफिसर बलविंदर सिंह व निगम हेल्थ अफसर कृष्ण कुमार की देखरेख में टीम ने मकसूदा मंडी की तीन दुकानों में सैंपल भरे। हेल्थ ऑफिसर बलविंदर सिंह ने कहा कि चेकिंग के दौरान पपीता, केला व संतरे के सैंपल लिए गए। इन्हें जांच के लिए लैबोरेटरी भेज दिया गया है। इस दौरान टीम को जो फल खराब मिले उन्हें नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर सैंपल फेल पाए गए तो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।