जालंधर। सरकारी स्कूलों की शक्ल बदलने के उद्देश्य से जिला भलाई सोसायटी ने शहर के 45 स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम बनाने के लिए 20 लाख रुपये की राशि जारी की है। यह स्मार्ट क्लास रूम प्रोजेक्टर, स्पीकर, ई-कंटेंट और अन्य जरूरी समान के साथ लैस होंगे। यह स्मार्ट क्लास रूम ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों के 45 स्कूलों में विद्यार्थियों को प्राथमिक शिक्षा प्रदान करेंगे। इन स्मार्ट क्लासरूमों में डिजिटल शिक्षा प्रदान करने की तरफ खास तौर पर ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों में सीखने की रुचि को बढ़ाया जाएगा। पढ़ने और पढ़ाने के तरीकों को आकर्षक बनाकर क्लास रूमों में विद्यार्थियों की हाजिरी को यकीनी बनाया जाएगा। मंगलवार को प्रशासकीय कांप्लेक्स में अधिकारियों की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए जिलाधीश वरिंदर कुमार शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा प्रणाली में सुधार लाने के लिए स्मार्ट क्लास रूम बनाकर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मानवीय शिक्षा प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। यह कदम उठाने का मुख्य मंतव्य शिक्षा प्रणाली में सुधार लाकर प्राथमिक शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इन क्लासों में विद्यार्थियों की हाजिरी बढ़ेगी। जो विद्यार्थी इन स्मार्ट क्लास रूमों में पढ़ाई करेंगे। वह हर प्रकार की परीक्षा पास करने के योग्य हो सकेंगे। इस अवसर पर एडीसी जसबीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी हरिंदरपाल सिंह आदि उपस्थित थे।