चिट्टे की बिक्री को लेकर हिमाचल सरकार के खिलाफ जताया रोष
पंजाब और हिमाचल के सीएम को भेजा पत्र, कार्रवाई की मांग
शनिवार को हिमाचल सरकार व चिट्टा कारोबारियों का चक्की पुल पर जलाया जाएगा पुतला
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। सैली रोड स्थित शिवसेना पंजाब के कार्यालय में पठानकोट के साथ लगते हिमाचल के डमटाल क्षेत्र में पनप रहे चिट्टे व देह व्यापार को लेकर हिमाचल सरकार के खिलाफ रोष जताया और नारेबाजी की। शिवसेना पंजाब के उत्तर भारत चेयरमैन सतीश महाजन ने कहा कि कुछ दिन पहले 2 लड़कों की मौत चिट्टे के ओवरडोज से हुई थी। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी धर्मशाला जाकर डीजीपी कांगड़ा संतोष पटियाल को मिले और ज्ञापन सौंपकर नशा कारोबारियों पर सख्ती बरतने की मांग की थी। लेकिन बुधवार को फिर गुरदासपुर से आए कुछ नशेड़ी युवा बेहोशी की हालत में चक्की खड्ड में मिले। इनमें से 2 लड़कों को हिमाचल पुलिस उठा ले गई, जबकि एक को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महाजन ने कहा कि जैसे हिमाचल टूरिस्ट प्लेस के नाम से प्रसिद्ध है, उसी तरह पंजाब-हिमाचल सीमा के भदरोया, छन्नी और बेली गांव नशे के लिए मशहूर हो चुके हैं। हिमाचल और पंजाब के सीएम को पत्र भेज स्थिति से अवगत करवाया गया है। महाजन ने कहा कि चिट्टा कई घरों के चिरागों निगल चुका है, कई नौजवान मौत के आगोश में चले गए हैं। लेकिन प्रशासन नींद में है। हिमाचल सरकार को चाहिए कि जो भी सरकारी मुलाजिम इस एरिया में ड्यूटी दे रहे हैं, उनकी संपत्ति की जांच करे। क्योंकि इतना बड़ा कारोबार बिना मिलीभगत के हो ही नहीं सकता। महाजन ने बताया कि शनिवार को हिमाचल सरकार व चिट्टा कारोबारियों का चक्की पुल पर पुतला फूंका जाएगा। इस मौके पर नेता राकेश सूरी, बलजीत सिंह, हरि सिंह, रिशु, संदीप, शशी, बाबू, सूरज चोपड़ा, नीरू, रोशनी, महक, पूजा,आशा रानी, सीमा, बबली, बीबी हरजिंदर कौर, बब्बू, सुरेंद्र कुमार, साहिल, चंपा आदि उपस्थित थे।
फोटो:-5-पठानकोट में हिमाचल सरकार के खिलाफ तख्तियां लेकर रोष जताते शिव सेना पंजाब के पदाधिकारी।