मुक्तसर। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की बैठक जिला प्रधान पूरन सिंह दोदा की अध्यक्षता में भाई महा सिंह दीवान हाल में हुई। इसमें ब्लॉक कमेटी मुक्तसर और गिद्दड़बाहा के किसान नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान किसानों ने धान व नरमा के सीजन के दौरान बिना रुके बिजली सप्लाई और टेलों तक पूरा नहरी पानी देने की मांग की। इसके अलावा किसान नेता साथी मनजीत सिंह भुच्चों के परिवार को इंसाफ देने की भी मांग की। जिला सीनियर उपाध्यक्ष हरबंस कोटली, महासचिव गुरभगत सिंह भलाईआना ने कहा कि पंजाब की संघर्षशील किसान जत्थेबंदियों के आह्वान पर 20 जून से पहले धान लगाने का एलान किया गया था। सरकार द्वारा बिजली पानी समय पर न देने के कारण किसान महंगे दामों पर डीजल खरीदने को मजबूर हो रहे है। उन्होंने मांग की कि 13 जून से लगातार बिजली पानी की सप्लाई तुरंत दी जाए। किसानों ने 15 जून को बठिंडा में चल रहे धरने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मौके पर सुखराज सिंह, जोगिंदर सिंह, हरपाल सिंह, राजा सिंह, हरविंदर सिंह, गुलाब सिंह, हरदेव सिंह, सोहन सिंह, बोहड़ सिंह, जगसीर सिंह और नरिंदर सिंह उपस्थित थे।